देहरादून: समाज को नशे की गिरफ्त से मुक्त करने और स्वदेशी विचारधारा को मजबूत करने की दिशा में मातृ शक्ति दुर्गा वाहिनी के माध्यम से एक सराहनीय पहल की गई। संगठन ने नशा मुक्ति एवं स्वदेशी अपनाओ अभियान के तहत जिले के विभिन्न विद्यालयों में जाकर विद्यार्थियों को जागरूक किया।
इस अभियान के दौरान छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया गया और यह समझाया गया कि नशा न केवल व्यक्ति बल्कि पूरे परिवार और समाज को खोखला कर देता है। साथ ही बच्चों को स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग के लिए प्रेरित करते हुए आत्मनिर्भर भारत की सोच से जोड़ा गया।
इस पूरे अभियान की जिला सहसंयोजिका मातृशक्ति रचना जोशी ने प्रभावशाली अगुवाई की। रचना जोशी का नेतृत्व, स्पष्ट विचारधारा और बच्चों से संवाद की शैली अभियान की सबसे बड़ी ताकत रही। उनके प्रयासों से विद्यालयों में विद्यार्थियों ने न केवल विषय को समझा, बल्कि उसे अपने जीवन में अपनाने का संकल्प भी लिया।
कहा जा सकता है कि रचना जोशी आज के समय में समाज निर्माण में सक्रिय और प्रेरणादायक मातृशक्ति के रूप में उभरकर सामने आई हैं।
इस कार्यक्रम में रीना रावत (जिला संयुक्त – दुर्गा वाहिनी) की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके साथ सुनीता चौहान और सुमन रावत सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने पूरे उत्साह और समर्पण के साथ अभियान को सफल बनाया।
विद्यालय प्रशासन और अभिभावकों ने भी मातृ शक्ति दुर्गा वाहिनी के इस प्रयास की मुक्तकंठ से सराहना की और इसे समय की आवश्यकता बताया।
निश्चित रूप से यह अभियान आने वाली पीढ़ी को सही दिशा देने की दिशा में एक मजबूत कदम साबित होगा।
