नई टिहरी: टिहरी मदननेगी रोपवे सेवा के बंद होने से प्रतापनगर क्षेत्र की आम जनता की परेशानियाँ लगातार बढ़ती जा रही हैं। रोपवे बंद होने के चलते स्थानीय लोगों को रोज़मर्रा की आवाजाही के लिए लगभग 40 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है, जिससे समय और पैसे दोनों की भारी बर्बादी हो रही है। गौरतलब है कि टिहरी झील बनने के बाद यह रोपवे क्षेत्र की जीवनरेखा बन चुका है। इसके बंद होने से न केवल आम लोगों को दिक्कतें हो रही हैं, बल्कि व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं भी बुरी तरह प्रभावित हो रही हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रतापनगर विधायक विक्रम सिंह नेगी ने जिलाधिकारी टिहरी को पत्र भेजकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। विधायक ने कहा कि रोपवे में कार्यरत 14 से 15 कर्मचारियों की रोज़ी-रोटी भी संकट में आ गई है। उन्होंने मांग की कि ADB द्वारा प्रस्तावित नवीनीकरण प्रक्रिया पूरी होने तक रोपवे संचालन जारी रखा जाए। विधायक ने साफ चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ, तो जनता के साथ मिलकर आंदोलन किया जाएगा।
