घनसाली: टिहरी के घनसाली क्षेत्र के लस्याल गांव से एक बेहद गंभीर और परेशान करने वाली घटना सामने आई है, जहाँ घरेलू विवाद ने इतनी भीषण रूप ले लिया कि एक युवक को अपने ही घर में अपने दोनों हाथ गंवाने पड़े। घटना में युवक के परिवार के बड़े बेटे, उसकी मां और भाभी मुख्य रूप से शामिल बताए जा रहे हैं।
दरअसल लस्याल गांव निवासी अंग्रेज सिंह पुत्र स्व. गजे सिंह का परिवार के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। सूत्रों के अनुसार, विवाद के बाद अंग्रेज की मां जेठी देवी और भाभी ने मुंबई में काम कर रहे बड़े बेटे व अंग्रेज के बड़े भाई पूरब सिंह को गांव बुलाया। शुक्रवार देर रात जब पूरब सिंह गांव पहुंचे, तो तीनों ने मिलकर अंग्रेज सिंह पर धारदार हथियारों के साथ हमला कर दिया।हमले में युवक के दोनों हाथों पर कई ताबड़तोड़ वार किए गए, जिससे उसकी हड्डियाँ बाहर तक निकल आईं। गले पर भी खतरनाक वार किए गए, जिससे उसकी हालत और बिगड़ गई।
आसपास के लोगों ने बताया कि अंग्रेज सिंह गंभीर रूप से घायल सुबह से दोपहर तक गांव में दर्द से तड़पता रहा, लेकिन किसी ने समय पर सहायता नहीं दी।बाद में आरोपी भाई पूरब सिंह ने 108 एंबुलेंस के माध्यम से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेलेश्वर ले जाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत को गंभीर देखते हुए उसे श्रीनगर बेस अस्पताल रेफर किया।डॉक्टरों ने बताया कि स्थिति अत्यंत नाजुक थी, और जिंदगी बचाने के लिए आनन‑फानन में उसके दोनों हाथ काटने पड़े। अगले दिन इलाज के बाद उसे घर भेज दिया गया। मंगलवार को अंग्रेज सिंह किसी तरह गांव पहुंचकर चमियाला पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने उसके बयान के आधार पर भाई पूरब सिंह और भाभी अंजली देवी के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
गांव में इस घटना के बाद लोगों में नाराजगी और चिंता का माहौल है। आपसी विवाद में इतनी हिंसा किसी ने नहीं सोची थी। परिवार के भीतर इतना रक्तपात बेहद दुखद है
