टिहरी(कोटि कालोनी):टिहरी झील अब सिर्फ सुकून का ठिकाना नहीं, बल्कि एक्शन का मैदान बनने जा रही है। 8 से 12 अप्रैल तक यहां ऑल इंडिया पुलिस वॉटर स्पोर्ट्स गेम्स का आयोजन होगा, जहां देशभर की 19 पुलिस टीमें लहरों पर अपना दम दिखाएंगी।
पहाड़ों के बीच फैली टिहरी झील में कायकिंग, कैनोइंग जैसी जल क्रीड़ाओं में खिलाड़ी न सिर्फ रफ्तार दिखाएंगे, बल्कि हर लहर पर जीत की कहानी भी लिखेंगे। देश के अलग-अलग राज्यों से पहुंचे पुलिस खिलाड़ी इस मुकाबले के जरिए झील में जोश और जुनून भरते नजर आएंगे।
इधर, प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट मोड में है। सुरक्षा, ठहरने और खेल सुविधाओं को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं, ताकि आयोजन में किसी तरह की बाधा न आए।
आईटीबीपी के इंस्पेक्टर जनरल मनु महाराज के मुताबिक यह आयोजन सिर्फ प्रतियोगिता नहीं, बल्कि टिहरी को वॉटर स्पोर्ट्स हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
